Site icon ISCPress

पश्चिमी यमन में सऊदी के वहशियाना हमले में दो शिशुओं और एक महिला की मौत

पश्चिमी यमन में सऊदी के वहशियाना हमले में दो शिशुओं और एक महिला की मौत

पश्चिमी यमन के अल-मोख़ा बंदरगाह में एक रिहायशी मकान पर किए गए हवाई हमले में एक परिवार के कई लोगों की मौत और घायल होने की ख़बर है। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, यमन के अस्पताल सूत्रों ने बताया कि पश्चिमी यमन के तैज़ प्रांत के अल-मोख़ा शहर में एक रिहायशी मकान पर बमबारी में दो दूधमुंहे बच्चों और एक महिला सहित छह लोगों की मौत हो गई।

यमन के पश्चिमी तट पर यमनी लड़ाकों के क़ब्ज़े के बाद से सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों द्वारा किए जा रहे हमलों में तेजी आई है। इसी क्रम में मंगलवार तड़के एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया गया, जिसमें रहने वाले कुल 14 लोग मारे गए या घायल हुए। यमन के अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में छह लोग, जिनमें दो शिशु और एक महिला शामिल हैं, मारे गए, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला और एक बच्चा भी शामिल हैं।

10 सितंबर को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अल-मोख़ा बंदरगाह पर क़ब्ज़े के बाद से इस शहर पर दर्जनों बार बमबारी की जा चुकी है। मंगलवार तड़के भी सऊदी लड़ाकू विमानों ने इस शहर पर तीन बार हमला किया।

यमन पर सऊदी अरब के 917 हवाई और मिसाइल हमले

इस बीच, यमनी सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरीअ ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान यमन के अल-जौफ, तैज़, सादा और मारिब प्रांतों को कुल 157 हवाई और मिसाइल हमलों का निशाना बनाया गया।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि, हवाई हमले एफ-15 और टाइफून लड़ाकू विमानों के जरिए किए गए, जिन्होंने खमीस मुशैत और ताइफ़ स्थित सैन्य अड्डों से उड़ान भरी थी। उन्होंने यह भी बताया कि मिसाइल हमले दक्षिण-पश्चिमी सऊदी अरब के नजरान और जाज़ान प्रांतों से किए गए।

याह्या सरीअ ने आगे कहा कि संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक कुल आक्रामक हवाई और मिसाइल हमलों की संख्या 917 तक पहुंच गई है।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा:

“अल्लाह की अनुमति से इस बड़े आक्रमण का जवाब दिया जाएगा।”

Exit mobile version