Site icon ISCPress

तमिलनाडु में असली धर्मनिरपेक्ष, सामाजिक न्याय का दौर शुरू हो चुका है: सीएम विजय

तमिलनाडु में असली धर्मनिरपेक्ष, सामाजिक न्याय का दौर शुरू हो चुका है: सीएम विजय

साउथ सुपरस्टार जोसेफ विजय तमिलनाडु के नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले चुके हैं। शपथ ग्रहण समारोह में जब उन्होंने कहा, ‘सी. जोसेफ विजय येनुम नान’ (मैं, सी. जोसेफ विजय), तो पूरा स्टेडियम गूंज उठा। यह पल उनके फिल्मी डायलॉग्स से भी ज्यादा रोमांचक था।

विजय के शपथ लेते समय विजय के माता-पिता भावुक हो गए। वे अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनते देख रोमांचित थे। विजय के लंबे समय के सह-कलाकार तृषा कृष्णन भी नीले रेशमी साड़ी में पहुंचीं। उनके आने पर स्टेडियम में जोरदार खुशी का माहौल बना। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए चेन्नई पहुंचे। यह उनके लिए भी खास मौका था क्योंकि 1967 के बाद पहली बार कांग्रेस तमिलनाडु में सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा बन रही है।

शपथ लेने के बाद अपने पहले भाषण में विजय ने कहा, ‘यह एक नई शुरुआत है। अब असली धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय का एक नया दौर शुरू हो रहा है।’ उन्होंने कहा, “मैं किसी शाही परिवार में पैदा नहीं हुआ हूँ; मैं आप ही के बेटे, आप ही के भाई जैसा हूँ- मैं आपका ‘थंबी’ (छोटा भाई) हूँ।” उन्होंने कहा, ‘मैं जानता हूँ कि गरीबी और भूख क्या होती है।’विजय ने कहा, ‘मैं कोई फ़रिश्ता नहीं, बल्कि एक आम इंसान हूँ।’

उन्होंने कहा कि वे नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के ख़िलाफ़ कड़े कदम उठाएँगे, क़ानून-व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, और जन-कल्याण के लिए शिक्षा, बुनियादी ढाँचे और ज़रूरी सेवाओं को प्राथमिकता देंगे।

उन्होंने कहा, ‘आज से मैं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़े कदम उठाना शुरू करूँगा। हमारे युवाओं को इससे बचाना हमारा फ़र्ज़ है। इसी तरह, मैं क़ानून-व्यवस्था सुनिश्चित करूँगा और हर किसी की सुरक्षा की गारंटी दूँगा। भले ही कुछ लोग मेरा अपमान करें- चाहे वे दोस्त हों या दुश्मन- फिर भी वे सभी 8 करोड़ लोग मेरे ही लोग हैं। मेरा दिल कहता है कि मुझे शिक्षा, सड़कों, पीने के पानी की सुविधाओं और अन्य ज़रूरी सेवाओं पर पूरा ध्यान देना चाहिए। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं लोगों के पैसे का एक भी पैसा नहीं छूऊँगा।’

Exit mobile version