Site icon ISCPress

बलात्कार मामले में उम्रकैद की सज़ा मिलते ही रो पड़े प्रज्वल रेवन्ना

बलात्कार मामले में उम्रकैद की सज़ा मिलते ही रो पड़े प्रज्वल रेवन्ना

कर्नाटक के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना को शनिवार को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत ने बलात्कार के एक मामले में दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। अदालत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रज्वल ने दावा किया कि उन्होंने कोई ग़लत काम नहीं किया है। उनका कहना था कि उनकी एकमात्र “ग़लती” यह रही कि उन्होंने राजनीति में बहुत तेज़ी से तरक्की की।

उनका कहना था:
“कहा जा रहा है कि मैंने कई महिलाओं के साथ बलात्कार किया, लेकिन किसी ने खुद आगे आकर शिकायत नहीं की। लोकसभा चुनाव से छह दिन पहले अचानक कुछ महिलाएं सामने आईं, जिन्हें जानबूझकर इस्तेमाल किया गया।”

शिक्षा और पारिवारिक पीड़ा का हवाला:
प्रज्वल रेवन्ना ने खुद को एक BE (Mechanical) स्नातक बताया और दावा किया कि उन्होंने हमेशा अपनी शिक्षा में मेरिट से सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि वे पिछले छह महीनों से अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से नहीं मिल पाए हैं, जिससे उन्हें मानसिक पीड़ा हो रही है।

प्रज्वल रेवन्ना, जो कि पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते और वरिष्ठ कर्नाटक नेता एच. डी. रेवन्ना के बेटे हैं, पर कई महिलाओं ने बलात्कार, यौन उत्पीड़न और निजता का उल्लंघन करने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। उनके खिलाफ वीडियो फुटेज और अन्य डिजिटल सबूत भी सामने आए थे, जिनके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और अंततः कोर्ट में मामला चला।पिछले शुक्रवार को अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया था, और आज शनिवार को उनकी उम्रकैद की सज़ा का औपचारिक ऐलान किया गया। सज़ा के ऐलान के समय रेवन्ना अदालत में भावुक हो गए और रो पड़े।

Exit mobile version