इटली, पीस बोर्ड में शामिल नहीं होगा: विदेश मंत्री
इटली की समाचार एजेंसी ANSA के साथ एक इंटरव्यू में, इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने कहा कि इटली, पीस बोर्ड में शामिल नहीं होगा, क्योंकि बोर्ड का चार्टर देश के संविधान के अनुच्छेद 11 के साथ “अपरिहार्य” कानूनी टकराव रखता है, जो इटली को किसी भी संगठन में शामिल होने से रोकता है जब तक कि अन्य देशों के साथ समान शर्तें मौजूद न हों।
ज़ेनहुआ की रिपोर्ट के अनुसार, चार्टर संवैधानिक आवश्यकताओं को पूरा नहीं करता क्योंकि इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बोर्ड के कुछ निर्णयों पर वीटो की शक्ति के साथ अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, ताजानी ने कहा कि इटली हमेशा शांति से संबंधित पहलों पर बातचीत के लिए तैयार है और गाज़ा मामले में रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें फ़िलिस्तीनी पुलिस बलों के प्रशिक्षण जैसे कदम शामिल हैं।
बाद में उन्होंने यह भी कहा कि इटली ने शुक्रवार को अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ बैठक में अपना नज़रिया दोहराया, जो शीतकालीन ओलंपिक खेलों के कारण इटली में मौजूद थे।
इटली फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन सहित कई यूरोपीय देशों के साथ उन देशों में शामिल हो गया है जो इस विवादित बोर्ड से बाहर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 22 जनवरी को स्विट्ज़रलैंड के डावोस में वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम में औपचारिक रूप से संयुक्त राष्ट्र से अलग एक वैश्विक बोर्ड बनाने की घोषणा की थी, जिसका उद्देश्य विश्व युद्धों को रोकना और शांति बहाल करना था।
हालांकि अधिकांश देशों का दावा है कि यह संयुक्त राष्ट्र के समांतर एक संस्था के रूप में काम करेगा और इसमें अमेरिका को प्रधानता हासिल होगी, जो बोर्ड के निर्णयों पर प्रभाव डालेगी।

