ईरान पर हमले की नेतन्याहू की योजना का सेना ने किया विरोध: न्यूयॉर्क टाइम्स
अमेरिकी अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने मंगलवार तड़के बताया कि, इस्राईल की सेना ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ईरान पर नए हमले की योजना का विरोध किया था। अख़बार ने इस्राईली सूत्रों के हवाले से लिखा कि, नेतन्याहू इस्राईल में आम चुनाव से पहले ईरान पर एक नया हमला करना चाहते थे, लेकिन सैन्य अधिकारियों ने इसका विरोध किया।
इन अज्ञात सूत्रों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि इस्राईली सेना के प्रमुख एयाल ज़मीर इस हमले को अनावश्यक मानते थे। उन्हें चिंता थी कि, अमेरिका की भागीदारी के बिना और गुप्त रूप से किया गया कोई सैन्य अभियान ईरान को कड़ी जवाबी कार्रवाई करने के लिए उकसा सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है, “ईरान के साथ दोबारा युद्ध होने से संभावित रूप से चुनाव में देरी हो सकती थी या चुनाव के बाद विपक्ष द्वारा सरकार बनाने की कोशिशों में बाधा आ सकती थी।”
हालाँकि, नेतन्याहू के विरोधियों में शामिल और इस्राईल बेतेनु पार्टी के नेता अविगदोर लिबरमैन ने कथित विश्वासघात की जाँच की माँग की। उन्होंने नेतन्याहू पर आरोप लगाया कि, चुनाव में हार के डर से वह इस्राईली सैनिकों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
इससे पहले, अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन ने भी रिपोर्ट दी थी कि, इस्राईल ने ईरान पर नए हमले से इसलिए पीछे हटने का फैसला किया, क्योंकि उसके वायु रक्षा तंत्र में इस्तेमाल होने वाली इंटरसेप्टर मिसाइलें समाप्त हो रही थीं और वह अमेरिका की हरी झंडी मिलने का इंतज़ार कर रहा था।

