Site icon ISCPress

अमेरिका, कुवैत में अपनी सैन्य मौजूदगी घटाने पर विचार कर रहा है: वॉल स्ट्रीट जर्नल

अमेरिका, कुवैत में अपनी सैन्य मौजूदगी घटाने पर विचार कर रहा है: वॉल स्ट्रीट जर्नल

अमेरिकी अख़बार वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि ईरान के खिलाफ़ युद्ध से जुड़े घटनाक्रमों के बाद अमेरिका कुवैत में अपनी सैन्य मौजूदगी के दायरे की समीक्षा कर रहा है और उसे कम करने की संभावना पर विचार कर रहा है।

यह क़दम ऐसे समय उठाया जा रहा है, जब कुवैत के अधिकारियों का कहना है कि उनका देश अब भी अपनी सुरक्षा के लिए अमेरिका की मज़बूत और स्पष्ट प्रतिबद्धता का ज़रूरतमंद है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, युद्ध के दौरान कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने और सुविधाएं कई बार ईरान के हमलों का निशाना बनीं।

विश्लेषकों का मानना है कि, अमेरिका की नीति में संभावित बदलाव का सबसे बड़ा कारण यह समझ है कि कुवैत में स्थायी और बड़े पैमाने पर सैन्य उपस्थिति अब पहले जैसी आवश्यक या सैन्य दृष्टि से व्यावहारिक नहीं रह गई है।

वर्तमान और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि पेंटागन ईरान के साथ युद्ध शुरू होने से पहले ही कुवैत में तैनात अपने सैनिकों की संख्या कम करने की योजना पर विचार कर रहा था।

अमेरिकी अधिकारियों ने वॉल स्ट्रीट जर्नल को बताया कि ईरान की ओर से अमेरिकी ठिकानों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद पेंटागन ने जोखिम को कम करने के उद्देश्य से कुवैत में अपनी सैन्य मौजूदगी घटा दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, कुवैत के अधिकारी अन्य खाड़ी देशों की तरह इस बात से नाराज़ और चिंतित हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनसे परामर्श किए बिना ऐसा युद्ध शुरू किया, जिसके कारण वे स्वयं भी हमलों के दायरे में आ गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि जैसे-जैसे संघर्ष लंबा खिंचता गया और तेल निर्यात बाधित होता गया, यह चिंता और अधिक बढ़ती चली गई।

Exit mobile version