Site icon ISCPress

दुश्मन, ईरान को अंदर से कमज़ोर करने की कोशिश में है, जनता की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताक़त: पेज़ेश्कियान

दुश्मन, ईरान को अंदर से कमज़ोर करने की कोशिश में है, जनता की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताक़त: पेज़ेश्कियान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि मौजूदा युद्ध और देश के सामने पैदा हुई परिस्थितियां पहले की तुलना में कहीं अधिक जटिल हैं। उनके मुताबिक, दुश्मन केवल सैन्य दबाव और बाहरी हमलों के जरिए ईरान को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश नहीं कर रहा, बल्कि उसका एक महत्वपूर्ण लक्ष्य देश के भीतर अस्थिरता पैदा करना और आंतरिक स्तर पर ईरान को कमज़ोर करना भी है।

पेज़ेश्कियान ने कहा कि, ऐसी परिस्थितियों में ईरान को स्पष्ट लक्ष्यों और राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने जोर दिया कि, देश की संस्थाओं और प्रशासन को मिशन आधारित तथा मुद्दा आधारित तरीके से काम करना चाहिए, ताकि कठिन परिस्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

ईरानी राष्ट्रपति ने जनता की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए चेतावनी दी कि, लोगों को सरकार और संस्थाओं से दूर करना देश के लिए नुकसानदेह साबित होगा। उनके अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों में सरकार और जनता के बीच विश्वास तथा एकजुटता को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देश की विभिन्न संस्थाओं को जनता के साथ जोड़ने के लिए राजनीतिक और दलगत मतभेदों से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। ईरान के सामने मौजूद चुनौतियों का सामना केवल सरकारी संस्थाएं नहीं कर सकतीं, बल्कि इसके लिए जनता, प्रशासन और राष्ट्रीय संस्थाओं के बीच व्यापक सहयोग और एकता आवश्यक है।

पेज़ेश्कियान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान लगातार बाहरी दबावों और क्षेत्रीय तनावों का सामना कर रहा है। उनका संदेश स्पष्ट है कि ईरान की मजबूती केवल सैन्य क्षमता में नहीं, बल्कि उसके भीतर मौजूद राष्ट्रीय एकता और जनता के समर्थन में भी है। उनके अनुसार, दुश्मन की किसी भी आंतरिक विघटन की कोशिश को नाकाम करने के लिए ईरानी समाज का एकजुट रहना सबसे महत्वपूर्ण है।

Exit mobile version