रॉयटर्स का दावा: ईरान ने अरब देशों को चेतावनी दी
ब्रिटेन की समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कुछ अज्ञात सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि, ईरान ने फ़ारस की खाड़ी (खाड़ी क्षेत्र) के अरब देशों को चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने ईरान पर दोबारा हमला किया, तो ईरान उसके जवाब में इन देशों के ऊर्जा ढांचे (एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाएगा।
फ़ार्स समाचार एजेंसी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के अनुसार, रॉयटर्स ने बुधवार शाम अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया कि ईरान ने खाड़ी के अरब देशों को यह संदेश भेजा है कि अमेरिका की किसी भी नई सैन्य कार्रवाई का जवाब इन देशों के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले के रूप में दिया जा सकता है।
रॉयटर्स ने पाँच अज्ञात सूत्रों के हवाले से कहा है कि यह चेतावनी उच्च-स्तरीय राजनयिक संपर्कों के माध्यम से संबंधित अरब देशों तक पहुँचाई गई। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटनाक्रम उस समय सामने आया जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 28 जुलाई को कथित तौर पर ईरान के ऊर्जा नेटवर्क और बुनियादी ढांचे पर हमला करने की धमकी दी थी।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दो वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों, दो अरब सूत्रों और क्षेत्र के एक वरिष्ठ राजनयिक ने रॉयटर्स को बताया कि ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने सऊदी अरब, तुर्किये और क़तर के अपने समकक्षों के साथ-साथ पाकिस्तान के सेना प्रमुख से भी बातचीत की है।
रिपोर्ट के अनुसार, अराक़ची ने अमेरिका के खाड़ी क्षेत्र के सहयोगी देशों से आग्रह किया कि वे अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर डोनाल्ड ट्रंप को किसी भी नए हमले से रोकने का प्रयास करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि ईरान पर हमला किया गया, तो पूरे खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका से जुड़े ठिकानों, संपत्तियों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जवाबी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयटर्स ने अपने एक राजनयिक सूत्र के हवाले से लिखा कि, ईरान का संदेश यह है:
“हम जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन तनाव बढ़ने और पूरे क्षेत्र में व्यापक तबाही को रोकने का सबसे अच्छा रास्ता कूटनीतिक समाधान ही है।”

