Site icon ISCPress

अमेरिकी कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद ने ईरान को ‘दुश्मन’ कहने से किया इनकार

अमेरिकी कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद ने ईरान को ‘दुश्मन’ कहने से किया इनकार

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के नवनिर्वाचित डेमोक्रेट सांसद एडम हमावी ने ईरान को दुश्मन बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने मौजूदा युद्ध को भड़काने के लिए अमेरिका और इस्राईल को ज़िम्मेदार ठहराया।

अमेरिकी राज्य न्यू जर्सी से प्रतिनिधि सभा के लिए नवनिर्वाचित सांसद एडम हमावी ने हाल ही में CNN को दिए एक इंटरव्यू में, एंकर के लगातार दबाव के बावजूद, ईरान को अमेरिका का दुश्मन कहने से इनकार कर दिया। डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य हमावी इससे पहले सैन्य सर्जन के रूप में काम कर चुके हैं। इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह तेहरान को अमेरिका का दुश्मन मानते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया:

“हमने ही उन्हें संघर्ष की ओर धकेला है। इसलिए मेरा मानना है कि दोनों पक्षों को थोड़ा पीछे हटना चाहिए और खुद से यह सवाल पूछना चाहिए कि क्या यह युद्ध हममें से किसी के लिए भी फायदेमंद है?”

इस बातचीत के दौरान जब CNN की एंकर ने उन पर जवाब देने के लिए दबाव बनाया, तो हमावी ने कहा:

“दोस्त बनाने के बजाय हम अपने लिए दुश्मन तैयार कर रहे हैं।”

इसके बाद CNN की एंकर पामेला ब्राउन ने हमावी को प्रभावित करने और उनका रुख बदलने की कोशिश करते हुए कहा कि ईरानी दशकों से ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ के नारे लगाते आ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरानियों ने बड़ी संख्या में अमेरिकियों की हत्या की है। हालांकि, हमावी अपने रुख पर कायम रहे।

उन्होंने जवाब दिया:

“हम भी दशकों से ‘ईरान मुर्दाबाद’ के नारे लगाते आ रहे हैं। हमने भी उनमें से बड़ी संख्या में लोगों को मारा है। इसलिए हमें जो करना चाहिए, वह है कूटनीति का इस्तेमाल।”

न्यू जर्सी के इस डेमोक्रेटिक सांसद ने इस्राईल को अमेरिका का सहयोगी मानने से जुड़े सवाल के जवाब में यह भी कहा कि, इस्राईल ने ही वॉशिंगटन को ईरान के साथ युद्ध की ओर धकेला है।

गौरतलब है कि हमावी ने पिछले सप्ताह मध्यावधि कांग्रेस चुनाव में शानदार जीत हासिल की। उन्होंने डेमोक्रेटिक सांसद बोनी वॉटसन कोलमैन की जगह ली है, जो राजनीति से संन्यास ले रही हैं। इस जीत के साथ ही एडम हमावी अमेरिकी राज्य न्यू जर्सी से अमेरिकी कांग्रेस में पहुंचने वाले पहले मुस्लिम सांसद बन गए हैं।

Exit mobile version