ईरान का नया मिसाइल सिटी तैयार: दुश्मनों को एक के बाद एक चौंकाने वाले सरप्राइज़ देखने को मिलेंगे
ईरान ने अपनी सैन्य ताक़त और मिसाइल क्षमता को लेकर एक बार फिर अमेरिका और इस्राईल को कड़ा संदेश दिया है। ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ़ मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने चेतावनी दी है कि, भविष्य में यदि ईरान के ख़िलाफ़ कोई युद्ध होता है, तो उसके दुश्मनों को एक के बाद एक ऐसे चौंकाने वाले सरप्राइज देखने को मिलेंगे, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी। उन्होंने यह बयान मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स के नए मिसाइल सिटी के उद्घाटन समारोह में दिया।
जनरल अब्दुल्लाही ने कहा कि ईरान की सैन्य उपलब्धियां उसके दुश्मनों के लिए बड़ा संदेश हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने किसी अन्य युद्ध में इतनी कम अवधि के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, सैन्य उपकरण और आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया, जितना ईरान के साथ हुए संघर्ष में किया। इसके बावजूद वह अपने उद्देश्यों को हासिल करने में सफल नहीं हुआ।
नए मिसाइल सिटी को ईरान की मिसाइल अवसंरचना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया है। यह सुविधा IRGC की एयरोस्पेस फोर्स की मिसाइल इकाइयों की परिचालन क्षमता बढ़ाने और संभावित हमलों का मुकाबला करने के लिए उनकी तैयारी बनाए रखने में मदद करेगी। हालांकि, इस मिसाइल सिटी की वास्तविक लोकेशन, आकार और वहां तैनात मिसाइलों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
युद्ध में निर्णायक भूमिका केवल हथियारों की नहीं,सैनिकों के संकल्प की होती है
अब्दुल्लाही ने ईरानी सैनिकों के मनोबल और दृढ़ इच्छाशक्ति को सैन्य सफलता का सबसे बड़ा कारण बताया। उन्होंने विशेष रूप से IRGC की एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद मूसवी की सराहना की। उनके मुताबिक़, युद्ध में निर्णायक भूमिका केवल हथियारों और सैन्य संसाधनों की नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के संकल्प की होती है।
ईरान अपने दुश्मनों को निश्चित रूप से नष्ट कर देगा: जनरल अब्दुल्लाही
इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने ईरान और इस्राईल के अस्तित्व को लेकर कड़ी टिप्पणी की थी, अब्दोल्लाही ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईरान अपने दुश्मनों को निश्चित रूप से नष्ट कर देगा। उनके अनुसार, अमेरिका और इस्राईल अपनी पूरी सैन्य ताक़त आजमा चुके हैं, लेकिन अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए।

