Site icon ISCPress

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची ने लंदन की कार्रवाई और ईरान विरोधी सहयोग की निंदा की

ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची ने लंदन की कार्रवाई और ईरान विरोधी सहयोग की निंदा की

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने ब्रिटेन के विदेश मंत्री के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत में कहा कि किसी भी आक्रामक पक्ष के साथ किसी प्रकार का सहयोग, चाहे वह पहले से हुए रक्षा समझौतों के नाम पर ही क्यों न हो, स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि, अंतरराष्ट्रीय कानून और “आक्रामकता की परिभाषा” संबंधी संयुक्त राष्ट्र के प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई देश अपनी भूमि, हवाई क्षेत्र या अन्य सुविधाओं का उपयोग किसी दूसरे देश पर अवैध सैन्य हमले के लिए करने देता है, तो इसे भी आक्रामक कार्रवाई माना जाएगा। ऐसी स्थिति में जिस देश पर हमला हुआ है, उसे आत्मरक्षा का वैध अधिकार प्राप्त होता है।

अराक़ची ने ईरान के प्रति ब्रिटेन के “अनुचित और ग़ैर-ज़िम्मेदाराना” रवैये की आलोचना करते हुए कहा कि ब्रिटेन द्वारा हाल ही में ईरान के सशस्त्र बलों के विरुद्ध अपनाया गया क़दम तथा अमेरिका और इस्राईली शासन द्वारा ईरान पर थोपे गए दोनों युद्धों में ब्रिटेन की कथित साझेदारी अनुचित और निंदनीय है। उन्होंने इस संबंध में ब्रिटिश सरकार से अपने रुख पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।

ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि, ईरान, ओमान के सहयोग से होर्मुज़ जलडमरूमध्य में समुद्री जहाज़ों के आवागमन के प्रबंधन के लिए व्यावहारिक व्यवस्था तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रक्रिया में किसी तीसरे पक्ष की बाधा या हस्तक्षेप केवल मौजूदा स्थिति को और अधिक जटिल बनाएगा।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने अपनी सरकार की नई नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि “हम ईरान के साथ किसी युद्ध का हिस्सा नहीं हैं और हम सभी विवादों के समाधान के लिए कूटनीति में विश्वास रखते हैं।” उन्होंने ईरान के साथ राजनयिक संवाद जारी रखने, दोनों देशों के संबंधों में सुधार तथा क्षेत्रीय तनाव कम करने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया।

Exit mobile version