Site icon ISCPress

ईरान ने यूक्रेन को दी कड़ी चेतावनी, ईरानी व्यापारिक जहाज़ पर हमले की निंदा

ईरान ने यूक्रेन को दी कड़ी चेतावनी, ईरानी व्यापारिक जहाज़ पर हमले की निंदा

ईरान के विदेश मंत्रालय ने कैस्पियन सागर में ईरान के एक व्यापारिक जहाज़ पर यूक्रेन द्वारा कथित सैन्य हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून और देशों की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन बताया है।

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय कानून के मूल सिद्धांतों, विशेष रूप से आत्मरक्षा के अधिकार के तहत अपने राष्ट्रीय हितों, समुद्री मार्गों और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने में किसी भी प्रकार की हिचकिचाहट नहीं करेगा। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि यूक्रेन के इस कदम के परिणामों की पूरी ज़िम्मेदारी स्वयं यूक्रेन तथा उसके समर्थकों और उकसाने वालों पर होगी।

ईरान ने कहा कि किसी भी देश के व्यापारिक जहाज़ को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के विरुद्ध है और इससे क्षेत्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक व्यापारिक मार्गों की स्थिरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ईरान ने दोहराया कि उसने रूस–यूक्रेन संघर्ष में कभी कोई हस्तक्षेप नहीं किया है। मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद, यूरोपीय देशों तथा संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि यूक्रेन द्वारा ईरानी व्यापारिक जहाज़ पर हमला न केवल अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह क्षेत्र में युद्ध और असुरक्षा को और अधिक फैलाने का एक खतरनाक प्रयास भी है।

ज़ेलेंस्की का दावा: हमने ईरान से जुड़े जहाज़ों को निशाना बनाया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने दावा किया था कि यूक्रेनी सेना ने कैस्पियन सागर में रूस के एक युद्धपोत और ईरान से संबंधित सैन्य सामान की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे जहाज़ों को निशाना बनाया।

ज़ेलेंस्की का दावा: रूस ईरान को उपग्रह चित्र और सैटेलाइट डेटा उपलब्ध करा रहा है!

ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि जुलाई की शुरुआत से यूक्रेन ने खाड़ी क्षेत्र के देशों और वहां तैनात अमेरिकी सैन्य ठिकानों की रूस द्वारा की जा रही सक्रिय उपग्रह निगरानी दर्ज की है। उनके अनुसार, इन स्थानों से संबंधित उपग्रह चित्र बाद में ईरान तक पहुंचते हैं।

ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस द्वारा उपलब्ध कराए गए इन उपग्रह चित्रों और ईरान के हमलों के बीच स्पष्ट संबंध दिखाई देता है। उनके अनुसार, इन तस्वीरों का उपयोग हमलों की तैयारी के दौरान, हमलों से पहले और हमलों के बाद हुए नुकसान का आकलन करने के लिए किया जाता है।

Exit mobile version