Site icon ISCPress

ईरान के सिरिक में शादी समारोह पर अमेरिकी हमले से इंसानियत शर्मसार

ईरान के सिरिक में शादी समारोह पर अमेरिकी हमले से इंसानियत शर्मसार

ईरान के सिरिक काउंटी के कुहस्तक में शादी समारोह के दौरान एक अमेरिकी हमले की चपेट में आकर नागरिकों की मौत और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की खबर ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमले में कम-से-कम पाँच लोगों की मौत हुई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। स्वतंत्र रिपोर्टों में भी इस घटना की पुष्टि की गई है, हालांकि हताहतों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं।

इस घटना की सबसे कड़े शब्दों में निंदा की जानी चाहिए। शादी का समारोह किसी सैन्य ठिकाने का नाम नहीं, बल्कि परिवार, प्रेम और मानवीय खुशियों का प्रतीक होता है। यदि किसी सैन्य कार्रवाई में ऐसे नागरिक समारोह को निशाना बनाया गया या उसके आसपास हमला हुआ, तो यह युद्ध की भयावहता और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता पैदा करता है।

ट्रंप प्रशासन को यह समझना होगा कि सैन्य शक्ति का प्रदर्शन मानव जीवन की क़ीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। एक तरफ़ तो अमेरिका पाखंडी चरित्र दिखाते हुए अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था, मानवाधिकार और नागरिक सुरक्षा की बात करता हैं, लेकिन दूसरी तरफ़ वह आम नागरिकों, शादी समारोह, स्कूलों  यहां तक कि, मासूम छात्राओं पर वहशियाना हमले करता है। किसी भी रणनीतिक या भू-राजनीतिक लक्ष्य को मासूम नागरिकों की जान से ऊपर नहीं रखा जा सकता।

यह घटना केवल ईरान का मुद्दा नहीं है, बल्कि मानवता का प्रश्न है। युद्ध में भी नागरिकों की रक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान की जिम्मेदारी सभी पक्षों की होती है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को ट्रंप प्रशासन के इस हमले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, जिम्मेदारी तय करनी चाहिए और भविष्य में नागरिक इलाकों को नुकसान से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

दुनिया को युद्ध की आग नहीं, शांति और संवाद की आवश्यकता है। मासूमों के ख़ून से किसी भी देश की जीत संभव नहीं हो सकती। मीनाब और सिरिक में शादी समारोह पर हमला यह बताता है कि, अमेरिकी हमले की क़ीमत अक्सर वे लोग चुकाते हैं, जिनका युद्ध से कोई लेना-देना ही नहीं होता।

यदि किसी सैन्य कार्रवाई में विवाह समारोह जैसे नागरिक जमावड़े में निर्दोष लोगों की जान जाती है, तो यह अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। युद्ध के नाम पर महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की जान को महज “साइड इफेक्ट” मान लेना किसी भी सभ्य विश्व व्यवस्था के लिए स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।

यह घटना इसलिए भी गंभीर है क्योंकि यह ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान के दौरान नागरिकों के हताहत होने की पहली बड़ी घटना नहीं है। ईरान ने हमेशा अमेरिकी हमले के जवाब में ज़बरदस्त पलटवार किया है, लेकिन ईरान ने केवल सैन्य ठिकानों को ही निशाना बनाया है।  ईरान ने कभी भी आम नागरिकों और रिहायशी इलाक़ों पर हमला नहीं किया है।

मिनाब स्कूल त्रासदी: 28 फरवरी का भयावह अध्याय

28 फरवरी 2026 को दक्षिणी ईरान के मिनाब शहर में शाजारेह तैय्यबेह गर्ल्स स्कूल पर हुए हमले में बड़ी संख्या में छात्राओं और शिक्षकों की मौत हुई। अमेरिकी प्रारंभिक जांच से जुड़ी रिपोर्टों में अमेरिकी सेना के हमले में शामिल होने की संभावना सामने आई और मृतकों की संख्या 168 बताई गई थी। इस जघन्य अपराध की सात महीने गुज़र जाने के बाद भी न तो जांच पूरी हुई और न ही किसी ने ज़िम्मेदारी क़बूल की।

अमनेस्टी इंटरनेशनल ने अपनी जांच में कहा कि अमेरिकी हमला अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन करता प्रतीत होता है और उसके अनुसार 156 लोगों की मौत हुई, जिनमें 120 बच्चे थे। संगठन ने जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने और जांच को पारदर्शी बनाने की मांग की।

इस त्रासदी ने दुनिया भर में आक्रोश पैदा किया। मार्च में व्हाइट हाउस के बाहर प्रदर्शनकारियों ने मिनाब स्कूल हमले को प्रतीकात्मक रूप से दोहराकर युद्ध और ट्रंप प्रशासन की ईरान नीति का विरोध किया। व्यापक रूप से ईरान युद्ध के खिलाफ दुनिया के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन भी हुए; ACLED के अनुसार 28 फरवरी से 6 मार्च के बीच 990 से अधिक प्रदर्शन दर्ज किए गए।

ट्रंप जिस आत्मविश्वास से होर्मुज़ पर नियंत्रण और ईरान की अर्थव्यवस्था के पतन की बात करते हैं, उसके पीछे युद्ध की वह वास्तविक क़ीमत छिप जाती है जो आम नागरिक चुका रहे हैं। एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति सैन्य दबाव को अपनी सफलता के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं, दूसरी ओर स्कूलों, आवासीय इलाकों और नागरिक समारोहों में लोगों की मौत की खबरें सामने आ रही हैं। ईरान के साथ विवाद का समाधान सैन्य धमकियों, आर्थिक तबाही और नागरिकों की जान जोखिम में डालने के बजाय कूटनीतिक बातचीत के माध्यम से होना चाहिए।

आज सबसे बड़ा सवाल यह नहीं होना चाहिए कि होर्मुज़ पर किसका नियंत्रण है, बल्कि यह होना चाहिए कि युद्ध में निर्दोष नागरिकों की रक्षा कौन करेगा और उनकी मौतों के लिए जवाबदेही कौन तय करेगा। मिनाब के स्कूल से लेकर सिरिक के शादी समारोह तक सामने आई घटनाएं यही चेतावनी देती हैं कि सैन्य शक्ति का प्रदर्शन मानव जीवन की कीमत पर नहीं होना चाहिए।

Exit mobile version