Site icon ISCPress

नेतन्याहू को अराक़ची ने उन्हीं की भाषा में दिया जवाब: ईरान के भी आपके साथ कुछ अधूरे हिसाब हैं

नेतन्याहू को अराक़ची ने उन्हीं की भाषा में दिया जवाब: ईरान के भी आपके साथ कुछ अधूरे हिसाब हैं

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की बयानबाज़ी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, ईरान के भी आपके साथ कुछ अधूरे हिसाब हैं। फ़ार्स समाचार एजेंसी के विदेश नीति समूह की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की बयानबाज़ी का जवाब दिया।

उन्होंने सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 की सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक संदेश में लिखा:

“पिछली बार जब आपने ‘काम तमाम करने’ की कोशिश की थी, तब ईरान पहले से भी अधिक शक्तिशाली बनकर उभरा था। क्या आप एक बार फिर अपनी क़िस्मत आज़माना चाहते हैं? तो आइए, आज़मा लीजिए। लेकिन सावधान रहिए, हमारे भी आपके साथ कुछ अधूरे हिसाब हैं!”

विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर आगे लिखा:

“नेतन्याहू जेल से बचने के लिए अमेरिका को एक और युद्ध की ओर धकेल रहे हैं। उन्हें इस बात की परवाह नहीं है कि इसके क्या परिणाम इस्राईल को भुगतने पड़ेंगे, तो फिर अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए होने वाले परिणामों की तो बात ही छोड़ दीजिए।”

नेतन्याहू ने ट्रंप के समर्थन पर क्या कहा?

इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार रात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा:

“राष्ट्रपति ट्रंप, आपके असाधारण समर्थन और हमारे संयुक्त सहयोग के लिए आपका धन्यवाद। हम मिलकर इस मिशन को उसके अंजाम तक पहुँचाएँगे!

इससे पहले ट्रंप ने एक संदेश में नेतन्याहू के प्रति अपने ‘पूर्ण और दृढ़ समर्थन’ की घोषणा की थी। ट्रंप ने लिखा था कि यदि इस्राईल में नेतन्याहू के अलावा कोई अन्य नेता होता, ‘जिसे उन्होंने ‘ग़लत नेता’ कहा, तो अमेरिका को अकेले ही ईरान का सामना करना पड़ता। उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहते।

Exit mobile version