अमेरिका के किसी भी नए हमले का ‘विनाशकारी जवाब’ दिया जाएगा: मोहसिन रज़ाई
ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी जनरल मोहसिन रज़ाई ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि, यदि उसने ईरान के ख़िलाफ़ कोई नया युद्ध शुरू किया, तो उसे इसका ‘विनाशकारी जवाब’ भुगतना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व पर तंज़ भी कसा है।
मोहसिन रज़ाई ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर एक पोस्ट के जरिए अमेरिका को यह कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने सवाल उठाया कि मौजूदा समय में वॉशिंगटन की राजनीतिक स्थिति इतनी अव्यवस्थित हो चुकी है कि, आख़िर तेहरान को अपना संदेश अमेरिका में किसके नाम भेजना चाहिए।
रज़ाई ने अमेरिकी नेतृत्व का मजाक उड़ाते हुए कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस हार मान चुके हैं, विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपने पद से विदाई की तैयारी कर रहे हैं, रक्षामंत्री पीट हेगसेथ को जल्द ही बर्खास्त किया जा सकता है और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर अब एक पॉडकास्टर बन गए हैं।
रज़ाई ने अपने पोस्ट में लिखा,
“तो आखिर वॉशिंगटन में हमें यह संदेश किस तक पहुंचाना चाहिए? अगर युद्ध शुरू किया, तो आपको इसका विनाशकारी जवाब भुगतना पड़ेगा।”
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका
मंगलवार को हुए अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण हासिल कर लिया। पार्टी ने टेक्सास, कंसास, साउथ कैरोलिना, आयोवा, ओहायो और मेन जैसे रिपब्लिकन पार्टी के मज़बूत माने जाने वाले राज्यों में भी सीनेट की सीटें अपने नाम कर लीं।
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध के कारण ऊर्जा की बढ़ती क़ीमतों और महंगाई से परेशान मतदाताओं की नाराज़गी ने कांग्रेस चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार में अहम भूमिका निभाई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी अमेरिकी मीडिया से बातचीत में स्वीकार किया कि ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध का उनकी पार्टी के ख़राब चुनावी प्रदर्शन पर “कुछ हद तक असर” पड़ा है।
अमेरिकी रक्षामंत्री और सैन्य नेतृत्व पर बढ़ा दबाव
ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका और इस्राईल के सैन्य हमले की भारी अलोकप्रियता के कारण अमेरिकी रक्षामंत्री पीट हेगसेथ और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी के दोनों सदनों में नियंत्रण हासिल करने के बाद अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच अपनी नौकरियों और पदों को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है।

