होर्मुज़ जलडमरूमध्य में एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया
इराक़ी मीडिया नाया ने मंगलवार तड़के प्रारंभिक रिपोर्टों के हवाले से दावा किया है कि ओमान के तट के निकट हुई एक समुद्री घटना के दौरान एक जहाज़ को निशाना बनाया गया है।
होर्मुज़ जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा को लेकर तनाव और बढ़ गया है। ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने पुष्टि की है कि ओमान के लीमा कस्बे से लगभग 15 किलोमीटर पूर्व एक तेल टैंकर किसी अज्ञात प्रक्षेप्य की चपेट में आ गया, जिसके बाद जहाज़ में भीषण आग लग गई।
ब्रिटिश समुद्री प्राधिकरण द्वारा जारी ताज़ा बयान के अनुसार, स्थिति को देखते हुए टैंकर के सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित रूप से जहाज़ खाली करने का निर्देश दिया गया। सभी क्रू सदस्य लाइफबोट के माध्यम से जहाज़ छोड़कर सुरक्षित तट की ओर रवाना हो गए। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, जबकि संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
हमले का शिकार हुआ टैंकर कुवैत का बताया गया
इसी बीच इराकी मीडिया साबेरीन न्यूज़ ने दावा किया है कि जिस तेल टैंकर पर हमला हुआ, वह कुवैत का है। हालांकि इस दावे की अब तक किसी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
साबेरीन न्यूज़ ने एक और दावा करते हुए कहा है कि दक्षिणी ईरानी जलक्षेत्र में एक यूनानी (ग्रीक) तेल टैंकर को भी निशाना बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार यह टैंकर हमले के बाद होर्मुज़ जलडमरूमध्य में रुका हुआ है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
होर्मुज़ जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की सुरक्षा घटना का असर अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है।

