वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान का दायरा बढ़ाने का फैसला टाल दिया है। यह दावा अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी एक रिपोर्ट में किया है। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ने यह निर्णय संभावित सैन्य जोखिमों और अमेरिकी वायु रक्षा संसाधनों पर पड़ने वाले असर को देखते हुए लिया।
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि ट्रंप को ऐसी खुफिया और सैन्य रिपोर्टें मिलीं, जिनमें ईरान के साथ संघर्ष बढ़ने की स्थिति में मध्य पूर्व में तैनात अमेरिकी एयर डिफेंस सिस्टम और हथियारों के भंडार पर गंभीर दबाव पड़ने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद फिलहाल सैन्य कार्रवाई का विस्तार नहीं करने का निर्णय लिया गया।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन विशेष रूप से पैट्रियट मिसाइलों और वायु रक्षा प्रणालियों के लिए आवश्यक गोला-बारूद के घटते भंडार को लेकर चिंतित है। इसी वजह से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को और आगे बढ़ाने से परहेज किया गया।
इस्राईल के चैनल 12 ने भी अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि क्षेत्र में संघर्ष के और अधिक बढ़ने की आशंका के चलते ट्रंप ने फिलहाल ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का दायरा नहीं बढ़ाने का फैसला किया है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका को मध्य पूर्व में तैनात अपने एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य संसाधनों को संभावित नुकसान पहुंचने की चिंता है, जिसके चलते यह रणनीतिक फैसला लिया गया।
कुछ अन्य इस्राईली मीडिया संस्थानों ने भी दावा किया है कि ट्रंप निकट भविष्य में ईरान के साथ तनाव को और बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। इन रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की वायु रक्षा क्षमताओं को काफी नुकसान पहुंचाया है, जिसके कारण वॉशिंगटन फिलहाल सतर्क रुख अपना रहा है।
हालांकि, इन दावों पर अमेरिकी प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

