Site icon ISCPress

दुबई के जबल अली बंदरगाह पर कई धमाके, ईंधन भंडारण क्षेत्र में लगी भीषण आग

दुबई के जबल अली बंदरगाह पर कई धमाके, ईंधन भंडारण क्षेत्र में लगी भीषण आग

फ़ार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के दुबई स्थित जबल अली औद्योगिक और बंदरगाह क्षेत्र में कई ज़ोरदार विस्फोट होने की खबर है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि शुरुआत में तटीय इलाके से कम से कम तीन धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं, जिसके बाद एक गोदाम या ईंधन भंडारण टैंक में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद बंदरगाह क्षेत्र से धुएँ का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे दूर-दराज़ के इलाकों से भी देखा गया।

अमीराती मीडिया के अनुसार, लगभग 20 मिनट के भीतर कम से कम सात विस्फोटों की आवाज़ें सुनाई दीं। हालांकि स्थानीय अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर दावा किया है कि, यह घटना संभवतः किसी तकनीकी खराबी का परिणाम हो सकती है। घटना के बाद राहत एवं बचाव दल, दमकल कर्मी और अन्य आपातकालीन सेवाएँ तुरंत मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।

जबल अली बंदरगाह के ‘अल मरीना’ क्षेत्र से राहत एवं बचाव कार्य जारी 

सोशल मीडिया और स्थानीय माध्यमों पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में जबल अली बंदरगाह के अल मरीना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर धुआँ, आग और राहत कार्य दिखाई दे रहे हैं। घटना से हुए नुकसान का आकलन अभी जारी है और अधिकारियों ने अब तक किसी संभावित हताहत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

आग और विस्फोट की वीडियो रिकॉर्डिंग के आरोप में दो लोगों गिरफ़्तार 

अरब मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, अमीराती अधिकारियों ने आग और विस्फोट की वीडियो रिकॉर्डिंग करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद घटना से जुड़ी सूचनाओं और वीडियो के प्रसार पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

फ़िलहाल विस्फोटों के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित एजेंसियाँ मामले की जाँच में जुटी हुई हैं।

Exit mobile version