ISCPress

रूस की दो टूक, यूक्रेन आत्मसमर्पण करे तभी होगी कोई वार्ता

रूस की दो टूक, यूक्रेन आत्मसमर्पण करे तभी होगी कोई वार्ता

यूक्रेन और रूस के बीच में जारी युद्ध पर बयान देते हुए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि रूस यूक्रेन से उस समय तक कोई वार्ता नहीं करेगा जब तक यूक्रेन सेना आत्मसमर्पण नहीं कर देती।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि कीव के साथ मास्को तभी बातचीत करने के लिए तैयार होगा जब यूक्रेन की सेना हथियार डाल देगी। रूसी सेना तीन ओर से यूक्रेन पर हमला करने के बाद अपने भारी सैन्य साजो सामान के साथ राजधानी कीव तक पहुंच गई है।

रूस ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यूक्रेन के हथियार डालने के बाद ही मास्को किसी बातचीत के लिए तैयार होगा। रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने कहा कि हम नहीं चाहते कि यूक्रेन पर “नियो नाज़ी” का शासन हो। कीव से उस समय तक कोई बातचीत नहीं होगी जब तक यूक्रेन सेना हथियार नहीं डाल देती है।

लावरोव ने कहा कि मास्को कीव के साथ बातचीत करने के लिए उस समय तैयार होगा जब एक बार यूक्रेन की सेना अपने हथियार डाल दे। यूक्रेन पर लगातार दूसरे दिन रूस के हमले जारी हैं। रूस लगातार यूक्रेन के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है। यूक्रेन ने रूस के हमले रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की गुहार लगाई है। वहीं पश्चिमी नेताओं ने इमरजेंसी बैठक बुलाई है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की गुहार लगाते हुए कहा है कि ऐसे हमलों को रोका जाए जो उनकी लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार को गिरा सकता है। बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की संभावना है और इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को भी नुकसान पहुंच सकता है।

वहीँ यूक्रेन सेना ने कहा है कि रूसी सेना कीव उसे 3 मील दूरी पर डेरा डाले हुए है। वह राजधानी की ओर बढ़ रही है। पुलिस ने लोगों से शहर के मेट्रो स्टेशन से बाहर ना निकलने की अपील की है क्योंकि बाहर गोलियां चल रही हैं।

बता दें कि राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान की घोषणा करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगने वाले प्रतिबंधों एवं निंदा को नजरअंदाज कर दिया है। पुतिन ने अपरोक्ष रूप से नाटो को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर रूसी सेना की कार्यवाही में किसी तरह का हस्तक्षेप करने का प्रयास किया गया तो उसके इतने खतरनाक परिणाम होंगे जो उन्होंने कभी देखे भी नहीं होंगे।

Exit mobile version