ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल से इस्राईली रक्षा मंत्रालय चिंतित, निजी ड्रोन पर छह महीने की रोक की तैयारी
क़ब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी क्षेत्रों में बढ़ते सुरक्षा खतरों के बीच इस्राईली सुरक्षा कैबिनेट ने निजी ड्रोन के इस्तेमाल पर छह महीने तक प्रतिबंध लगाने का प्रारंभिक फैसला किया है। प्रतिबंध को लागू करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े नियमों पर अभी विचार-विमर्श जारी है। हालांकि उनका मानना है कि इस कदम का वहां की आम जनता और ड्रोन उद्योग से जुड़ी इस्राईली कंपनियों पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा।
फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, इस्राईल के रक्षामंत्री इस्राईल काट्ज़ ने इस मुद्दे पर एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें ड्रोन से उत्पन्न सुरक्षा ख़तरों और उनसे निपटने के उपायों की समीक्षा की गई। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ड्रोन का इस्तेमाल हमलों और सरकारी अधिकारियों या राजनीतिक हस्तियों की लक्षित हत्या के लिए किया जा सकता है, इसलिए निजी ड्रोन उड़ानों पर पूर्ण रोक लगाने की सिफारिश की गई है।
प्रस्तावित योजना के तहत शुरुआत में नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि बाद में इसे आपराधिक अपराध घोषित किया जा सकता है। नए नियमों में यह भी तय किया जाएगा कि किन संस्थाओं को ड्रोन उड़ाने की अनुमति होगी और किन क्षेत्रों में उनका उपयोग किया जा सकेगा।
इस्राईल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट (शाबाक) ने इस प्रतिबंध के समर्थन में कहा है कि देशव्यापी चुनावी अभियान के दौरान सरकारी अधिकारियों और प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की लक्षित हत्या के लिए ड्रोन के इस्तेमाल की आशंका बढ़ गई है। इसी कारण निजी ड्रोन के उपयोग पर सख्ती आवश्यक मानी जा रही है।

