Site icon ISCPress

आयरलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाकर इतिहास रचा

आयरलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाकर इतिहास रचा

आयरलैंड क्रिकेट टीम ने ओमान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में इतिहास रच दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आयरलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 235 रन का धमाकेदार स्कोर बनाया, जो उनके टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी है। यह इस सीजन का भी अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले इस सीजन में श्रीलंका ने ओमान के खिलाफ 225 रन बनाए थे, जिन्हें आयरलैंड ने आसानी से पीछे छोड़ दिया। इस पारी के साथ ही आयरलैंड टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी सबसे बड़ी पारी बनाने वाली टीम बन गई है।

आयरलैंड की पारी में कुल 13 छक्के और 21 चौके लगे। कप्तान लोर्कन टकर ने 51 गेंदों में 94 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को शानदार शुरुआत दी। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के जड़े। टकर की यह पारी टी20 वर्ल्ड कप में किसी कप्तान की दूसरी सबसे बड़ी पारी मानी जा रही है। इस रिकॉर्ड में सबसे ऊपर क्रिस गेल का नाम है, जिन्होंने 2010 में भारत के खिलाफ 98 रन की पारी खेली थी। वहीं, रोहित शर्मा तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रन बनाए थे।

लोर्कन टकर के अलावा गैरेथ डेलानी ने भी तेजतर्रार पारी खेली। उन्होंने केवल 30 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में जॉर्ज डॉकरेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 9 गेंदों में 35 रन बनाकर टीम को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया। इस ओवर में उन्होंने 5 छक्के लगाए, जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर आयरलैंड ने न केवल अपने व्यक्तिगत और सीजन के रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी अपनी पहचान बनाई। टीम की यह पारी उनके आक्रामक बल्लेबाजी अंदाज का प्रतीक है और आने वाले मैचों में उन्हें एक खतरनाक टीम के रूप में पेश करेगी। इस जीत के साथ ही आयरलैंड अपने ग्रुप में बढ़त बनाने की ओर भी कदम बढ़ा चुका है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड की यह पारी यादगार साबित हुई, जहां कप्तान और युवा खिलाड़ियों ने मिलकर टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। टकर की कप्तानी और बल्लेबाजी ने टीम को आत्मविश्वास दिया, जबकि डेलानी और डॉकरेल की पारी ने अंतिम क्षणों में धमाकेदार तेजी से रन जोड़कर आयरलैंड को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुँचाया।

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
235 रनों का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टीम टोटल बन गया है। इससे पहले इंग्लैंड दूसरे नंबर पर थी, जिन्होंने 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 230 रन बनाए थे। पहले नंबर पर श्रीलंका टीम है, जिसने 14 सितंबर 2007 में केन्या के खिलाफ 260 रन बना दिए थे। टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सबसे बड़ा टोटल 218 रन का है, जो 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ बना था। इसी मैच में युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 6 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। 2007 के बाद टीम इंडिया कभी 218 या इससे बड़ा टोटल टी20 वर्ल्ड कप में नहीं बना पाई, उम्मीद है जारी संस्करण ये रिकॉर्ड टूटेगा।

Exit mobile version