Site icon ISCPress

हिज़्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में एक बार फिर इस्राईली सैनिकों की बढ़त रोकी

हिज़्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में एक बार फिर इस्राईली सैनिकों की बढ़त रोकी

हिज़्बुल्लाह के सैन्य अभियान कक्ष ने आज (गुरुवार) जारी एक बयान में कहा कि उसने इस्राईली सेना द्वारा कफ़रतबनीत क़स्बे और अली अल-ताहिर क्षेत्र में घुसपैठ की कई कोशिशों को विफल कर दिया।

बयान के अनुसार, इस्राईली सेना पिछले चार दिनों से कफ़रतबनीत और अली अल-ताहिर की ओर कई दिशाओं से आगे बढ़ने का प्रयास कर रही थी। इस अभियान को भारी हवाई हमलों और तोपखाने की सहायता प्राप्त थी।

हिज़्बुल्लाह ने दावा किया कि उसने रॉकेटों और ड्रोन हमलों के ज़रिये इन प्रयासों को नाकाम बना दिया तथा इस्राईली अधिकारियों और सैनिकों को भारी नुकसान पहुँचाया, जिसके बाद उन्हें पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा।

हिज़्बुल्लाह ने आगे कहा कि बुधवार को निगरानी के दौरान इस्राईली पैदल सैनिकों के एक दल को, जो कफ़रतबनीत के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में तैनात होने की कोशिश कर रहा था, अबाबील आत्मघाती ड्रोन से निशाना बनाया गया। इस हमले में कई सैनिकों के मारे जाने और घायल होने का दावा किया गया है।

बयान के मुताबिक, यह संघर्ष आज तड़के भी जारी रहा। हिज़्बुल्लाह ने इस्राईल के सैन्य उपकरणों, जिनमें मर्कवा टैंक भी शामिल था, को निशाना बनाया, जिसके बाद इस्राईली सैनिकों को पीछे हटना पड़ा।

दक्षिणी लेबनान में 10 इस्राईली सैनिक घायल

एक “सुरक्षा घटना” के दौरान मिली रिपोर्टों के अनुसार, दक्षिणी लेबनान में 10 इस्राईली सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें से 8 की हालत बेहद नाज़ुक बताई जा रही है। हालांकि, इस घटना के बारे में अभी तक अधिक विवरण जारी नहीं किया गया है।

Exit mobile version