ISCPress

अल्जीरिया की अमेरिका को दो टूक , स्पेन को गैस आपूर्ति से किया इंकार

अल्जीरिया की अमेरिका को दो टूक , स्पेन को गैस आपूर्ति से किया इंकार

रूस यूक्रेन युद्ध के बीच अल्जीरिया ने अमेरिका को ज़ोर का झटका देते हुए यूरोप को गैस आपूर्ति करने की वाशिंगटन की मांग को ठुकरा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्जीरिया ने अमेरिका की उस मांग को सख्ती से ठुकरा दिया है जिसमें वाशिंगटन ने अल्जीरिया-स्पेन गैस पाइपलाइन को फिर से शुरू करने की मांग की थी। अल्जीरिया ने हाल ही में मोरक्को के साथ तनाव के बीच यूरोप के लिए मोरक्को से गुजरने वाली गैस पाइपलाइन को बंद कर दिया था।

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध और यूरोप में गहराते ऊर्जा संकट को देखते हुए अमेरिका ने अल्जीरिया से अनुरोध किया था कि वह इस गैस पाइपलाइन को फिर से शुरू कर दे। याद रहे कि वेंडी शर्मन की हालिया मोरक्को, स्पेन और अल्जीरिया यात्रा के दौरान अमेरिका ने मांग की थी कि अल्जीरिया स्पेन के लिए अपनी गैस पाइपलाइन को फिर से शुरू कर दे।

यूरोपीय देशों की 11% गैस जरूरतों को पूरा करने वाले अल्जीरिया ने यूरोप को और अधिक गैस देने से इनकार कर दिया है। रूस – यूक्रेन संकट के दौरान अमेरिका ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए हैं। रूस से ऊर्जा आपूर्ति पर पाबंदी लगाने के बाद अमेरिका अपने यूरोपीय सहयोगियों को वैकल्पिक गैस उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रहा है लेकिन अल्जीरिया की ओर से दो टूक जवाब मिलने के बाद अमेरिका को जोर का झटका लगा है।

अल्जीरिया रूस – यूक्रेन संकट पर बहुत सावधानी से नजर रखे हुए ह। अल्जीरिया मास्को के साथ अपने संबंधों को खराब नहीं करना चाहता साथ ही वह पश्चिमी जगत के समर्थकों के रूप में भी देखा जाना पसंद नहीं करता है।

याद रहे कि मोरक्को से तनाव के साथ साथ स्पेन और अल्जीरिया के बीच गैस समझौते की तिथि को भी आगे नहीं बढ़ाया गया। 31 अक्टूबर को दोनों देशों के बीच समझौता खत्म होने के साथ ही यह गैस पाइपलाइन बंद हो गई थी।

अगर अल्जीरिया यूरोप को गैस आपूर्ति के लिए सहमति भी दे देता है तब भी अल्प अवधि में यूरोप का ऊर्जा संकट दूर होने की संभावना नहीं है। अल्जीरिया से यूरोप को जरूरत भर ऊर्जा आपूर्ति के लिए भारी निवेश की जरूरत है और इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में भी कम से कम 5 साल लग जाएंगे जबकि दूसरी ओर रूस से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के कारण यूरोप गंभीर ऊर्जा संकट से गुजर रहा है।

Exit mobile version