अफ्रीका के नाइजर में आतंकी गुट ने दो गांवों को घेर कर बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए 70 लोगों को मौत के घात उतार दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों ने माली की सीमा पर स्थित गांव पर हमला करके 70 लोगों की हत्या कर दी। इस हमले में 20 से ज़्यादा लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। हमले वाले इलाके में हिंसा और गृहयुद्ध के कारण साल 2017 से ही आपातकाल लगा हुआ है। समाचार एजेंसी एएफ़पी ने नाइजर के अधिकारियों के हवाले से बताया है कि आतंकवादियों ने दो गांवों को निशाना बनाया है। इस हमलें में मरने वाले लोगों की संख्या 70 से अधिक भी हो सकती है।
आतंकवादियों ने नाइजर के जिन दो गांवों पर हमला बोला वे टिल्लाबेरी इलाक़े के चोमोबांगोऊ और जारोमदारेय के नाम से जाने जाते हैं। यह गांव माली की सीमा के पास स्थित है।
नाइजर की सरकार का यह आरोप है कि माली के सशस्त्र गुट उसके राज्य की सीमा में घुसकर आतंकी वारदातों को अंजाम देते हैं। हालांकि, इस हमले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस क्षेत्र में आतंकवादी गुट अल-क़ाएदा और दाइश से जुड़े कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं।
याद रहे कि, नाइजर के पास स्थित नाइजीरिया में भी 27 दिसंबर को बोरनो प्रांत में आतंकी गुट बोको हराम के हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी। बोरनो प्रांतीय सरकार के मुताबिक़ हमलावरों ने चार गांवों को निशाना बनाया था। आतंकियों ने सबसे पहले अज़ारे नगर पर हमला किया, जहां सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों को निशाना बनाया गया। इस दौरान सैनिकों और हमलवारों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इसके बाद हमलावरों ने शफ़्फ़ा पर भी हमला कर दिया था।