हमने जापान के साथ ‘बहुत बड़ा’ व्यापार समझौता किया है: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि, अमेरिका और जापान के बीच एक ‘बहुत बड़ा’ व्यापारिक समझौता हो गया है। इस समझौते के तहत जापान अमेरिका में निवेश करेगा, जिससे अमेरिकी उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। हालांकि ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जिन जापानी उद्योगों पर पहले टैरिफ (शुल्क) लगाए गए थे, क्या वे अब हटाए जाएंगे या नहीं।
मंगलवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर जारी एक बयान में कहा, “हमने जापान के साथ एक बहुत बड़ा समझौता किया है। यह संभवतः अब तक का सबसे बड़ा समझौता हो सकता है।” उन्होंने कहा कि “जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा, जिससे 90 प्रतिशत लाभ अमेरिका को मिलेगा।” हालांकि, ट्रंप के इन दावों की पुष्टि के लिए कोई आधिकारिक दस्तावेज या विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
दूसरी ओर, जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने ट्रंप द्वारा घोषित इस व्यापार समझौते की विस्तृत समीक्षा की आवश्यकता पर ज़ोर दिया और किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से बचते नज़र आए। टोक्यो में पत्रकारों से बात करते हुए इशिबा ने कहा, “जहाँ तक इस समझौते के परिणामों का सवाल है, मैं तब तक कुछ नहीं कह सकता जब तक हम इसकी पूरी जानकारी और बातचीत की गहराई से समीक्षा न कर लें।”
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि जापान अपनी बाज़ार को व्यापार के लिए खोलेगा। व्यापारिक वस्तुओं में कारें, ट्रक, चावल और कुछ अन्य कृषि उत्पाद शामिल होंगे और अमेरिका को 15 प्रतिशत की दर से शुल्क दिया जाएगा।
ट्रंप की यह घोषणा वॉशिंगटन और टोक्यो के बीच कई महीनों से चल रही तनातनी भरी बातचीत के बाद आई है, जो मुख्य रूप से वाहनों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी वस्तुओं पर शुल्क को लेकर थी। ट्रंप पहले जापान से आयात होने वाली कारों पर 25 प्रतिशत और स्टील-एल्युमिनियम पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दे चुके थे, लेकिन उनके मंगलवार के बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इस नए समझौते के तहत इन उद्योगों पर लगाए गए शुल्क हटाए जाएंगे या नहीं।

