Site icon ISCPress

हम सुप्रीम लीडर के आदेशों को अपनी आँखों का तारा बनाकर उनका पालन करेंगे: क़ालिबाफ़

हम सुप्रीम लीडर के आदेशों को अपनी आँखों का तारा बनाकर उनका पालन करेंगे: क़ालिबाफ़

इस्लामी परामर्श सभा (मजलिस) के अध्यक्ष मोहम्मद बाक़िर क़ालिबाफ़ का सर्वोच्च नेता के नाम संदेश:

हम आपके मार्गदर्शक और दूरदर्शी संदेश के लिए आभारी हैं। यह संदेश हमारे लिए एक ऐसी राह दिखाने वाला दस्तावेज़ है जिसने पहले से भी अधिक स्पष्ट कर दिया कि इस समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतिम रूप लेने के बाद हम वास्तव में एक कठिन, जटिल और लंबी यात्रा की शुरुआत में हैं, जिसमें हमें ईरान की जनता और प्रतिरोध मोर्चे के अधिकारों को वचनभंग करने वाले शत्रु से प्राप्त करना होगा। इस संदेश तथा समझौता ज्ञापन में निर्धारित शर्तों के क्रियान्वयन की आपकी अपेक्षा ने अमेरिका की प्रतिबद्धताओं को लागू करवाने के लिए हमारे हाथ और भी मज़बूत कर दिए हैं।

हम आपके इन आदेशों को अपने लिए सर्वोपरि मानते हैं और हम कभी भी विरोधी पक्ष को वचनभंग तथा दबाव की राजनीति के माध्यम से ईरानी जनता और प्रतिरोध मोर्चे के अधिकारों को क्षति पहुँचाने की अनुमति नहीं देंगे। हुसैनी विचारधारा और हमारे शहीद इमाम की परंपरा के आधार पर मेरा विश्वास है कि सत्य और एकेश्वरवाद का मोर्चा कभी भी असत्य और अत्याचार के मोर्चे के साथ वास्तविक शांति नहीं कर सकता। हम सबका कर्तव्य है कि असत्य के मोर्चे के सामने डटकर खड़े रहें, और इसी मार्ग में हम कूटनीति को भी संघर्ष और प्रतिरोध के एक महत्वपूर्ण मैदान के रूप में देखते हैं।

इस समझौता ज्ञापन के कार्यान्वयन की हमारी गारंटी इसकी धाराएँ नहीं, बल्कि हमारे वे प्राण हैं जिन्हें हमने हथेली पर रख लिया है, और ईरान की वह शक्ति है जिसकी दृढ़ता और प्रहारक क्षमता को अमेरिकी-सियोनी शत्रु ने हालिया युद्ध में प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया है। जैसा कि हमने पिछली वार्ताओं में भी दिखाया है, हम निर्धारित शर्तों, लाल रेखाओं और ईरानी जनता के हितों की रक्षा के लिए दृढ़तापूर्वक खड़े रहने वाले लोग हैं। हमारे लिए वार्ता, ईरानी जनता के अधिकार प्राप्त करने के संघर्ष का एक माध्यम है। यदि शत्रु अपनी अनुचित माँगों और अतिक्रमणकारी रवैये को जारी रखता है, तो हमने पहले भी सिद्ध किया है कि हमारी उँगली ट्रिगर पर है और उस शत्रु को करारा जवाब देने में हमें कोई संकोच नहीं होगा, जिसने हालिया युद्ध में हमारी प्रतिक्रिया का स्वाद चखा है।

अंत में, मैं आपका धन्यवाद करता हूँ कि आपने वार्ताओं के इस जोखिमपूर्ण और जटिल मार्ग की आगामी दिशा को स्पष्ट किया। मुझे आशा है कि आपका यह संदेश समझौते में निर्धारित शर्तों को पूरा करवाने के लिए समाज के सभी वर्गों को शत्रु के विरुद्ध एकजुट और संगठित करेगा।

Exit mobile version