Site icon ISCPress

लेबनान सरकार ने इस्राईली क़ब्ज़े को वैधता प्रदान की: शेख नईम क़ासिम

लेबनान सरकार ने इस्राईली क़ब्ज़े को वैधता प्रदान की: शेख नईम क़ासिम

हिज़्बुल्लाह के महासचिव शेख नईम क़ासिम ने कहा कि लेबनान सरकार इस वार्ता में युद्ध-विराम सुनिश्चित करने में सफल नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि समझौता ज्ञापन में लेबनान की क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा का प्रावधान था, और यह संप्रभुता तभी वास्तविक रूप से स्थापित हो सकती थी जब इस्राईल 60 दिनों के भीतर लेबनान की पूरी भूमि से पीछे हट जाता। यह लेबनान के पास एक महत्वपूर्ण दबाव का साधन था, लेकिन सरकार ने इस समझौते में अपने इसी प्रभावी हथियार को छोड़ दिया।

शेख नईम क़ासिम ने कहा कि, लेबनान की संप्रभुता से समझौता करना एक बहुत बड़ी भूल और अत्यंत गंभीर राजनीतिक विफलता है। उनके अनुसार, इस समझौते के तहत इस्राईल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने लेबनानी सेना को केवल दो परीक्षण क्षेत्रों में तैनात होने की अनुमति दी है, जबकि इस्राईली सेना इस तैनाती और हिज़्बुल्लाह के संभावित निरस्त्रीकरण की निगरानी करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि, लेबनान के अधिकारी ऐसे कदम उठा रहे हैं जो आने वाले वर्षों में इस्राईली क़ब्ज़े को वैधता प्रदान करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि, इसका अंतिम परिणाम यह हो सकता है कि इस्राईल इन क्षेत्रों का औपचारिक विलय (एनेक्सेशन) कर ले। उन्होंने कहा कि यह समझौता दक्षिणी लेबनान के लोगों को अपने घरों और ज़मीनों पर लौटने के अधिकार से भी वंचित करता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि इस्राईल को लेबनान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का अधिकार क्यों दिया जाए। उनके अनुसार, किसी भी समझौते को केवल लितानी नदी के दक्षिणी क्षेत्र तक सीमित होना चाहिए और उसका लेबनान के आंतरिक मामलों, हथियारों, सुरक्षा या देश के भविष्य से कोई संबंध नहीं होना चाहिए।

हिज़्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण के मुद्दे पर शेख नईम क़ासिम ने कहा कि इस्राईल की वापसी को लेबनानी प्रतिरोध के हथियार छोड़ने से जोड़ना अत्यंत खतरनाक प्रस्ताव है, जो सभी लाल रेखाओं को पार करता है और लेबनान को इस्राईल के हाथों की कठपुतली बना सकता है। उन्होंने कहा कि किसी को भी लेबनान की जनता को अपनी मातृभूमि और अपनी रक्षा के अधिकार से वंचित करने का अधिकार नहीं है।

Exit mobile version