Site icon ISCPress

ब्रिटेन ने ग़ाज़ा के मुद्दे पर अपनी नैतिक साख खो दी है: प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम

ब्रिटेन ने ग़ाज़ा के मुद्दे पर अपनी नैतिक साख खो दी है: प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने कहा है कि, इस्राईल की कार्रवाई की कड़ी निंदा करने में ब्रिटेन की नाकामी ने लोगों को देश की नैतिक साख पर सवाल उठाने के लिए मजबूर कर दिया है। उन्होंने ग़ाज़ा  के मुद्दे पर अपने पूर्ववर्ती कीर स्टार्मर के रवैये की आलोचना भी की। हालांकि, बर्नहम ने यह भी संकल्प जताया कि यदि इस्राईल की नई सरकार क़ब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में अवैध बस्तियों के निर्माण पर रोक लगाती है, फिलिस्तीनियों के ख़िलाफ़ हिंसा बंद करती है और ग़ाज़ा में पर्याप्त मात्रा में मानवीय सहायता पहुंचने देती है, तो ब्रिटेन उसके साथ मिलकर काम करेगा।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए कार्रवाई का समर्थन करेगा और उसे होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद करके क्षेत्र को धमकाने से रोकेगा। उन्होंने यह भी वादा किया कि ब्रिटेन एक बार फिर वैश्विक मंच पर सकारात्मक भूमिका निभाने वाला देश बनेगा।

लंदन में लॉर्ड मेयर के बैंक्वेट में राजनयिकों और निवेशकों के सामने पारंपरिक विदेश नीति पर भाषण देते हुए बर्नहम ने कहा, “हालांकि ब्रिटेन ने हमास और 7 अक्टूबर 2023 के भयावह हमलों की सही तरीके से निंदा की थी, लेकिन उसके बाद ग़ाज़ा में जो कुछ हुआ, उस पर हमारी प्रतिक्रिया ने बहुत से लोगों को हमारी नैतिक साख पर सवाल उठाने के लिए मजबूर कर दिया।”

उन्होंने कहा कि जहां कंजर्वेटिव सरकार ग़ाज़ा में इस्राईल के बाद के सैन्य अभियानों की आलोचना करने में धीमी रही, वहीं तत्कालीन लेबर पार्टी नेता कीर स्टार्मर को एक रेडियो इंटरव्यू के दौरान दिए गए बयान के लिए व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा था। इस इंटरव्यू में वह नागरिकों को पानी की आपूर्ति बंद करने की घेराबंदी की रणनीति का समर्थन करते दिखाई दिए थे।

ग़ाज़ा में इस्राईली सैन्य कार्रवाई में कथित तौर पर 74 हजार से अधिक फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। इस मुद्दे से 2024 के आम चुनाव के दौरान लेबर पार्टी को नुक़सान पहुंचा। इसके परिणामस्वरूप ब्रिटेन के क़रीब 40 लाख मुसलमानों में से बड़ी संख्या में लोगों ने लेबर पार्टी के बजाय निर्दलीय उम्मीदवारों को वोट दिया।

बर्नहम ने कहा, “हमने यह धारणा पैदा कर दी कि दुनिया जिस ब्रिटेन को जानती थी, वह बदल गया है। जबकि ऐसा नहीं हुआ था। इस देश के लोग आज भी उतने ही महान और सभ्य हैं, जितने वे पहले थे। लेकिन हमारे समय की राजनीतिक उथल-पुथल ने यह धारणा पैदा कर दी कि हम बदल गए हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।”

गौरतलब है कि जुलाई में प्रधानमंत्री बनने के बाद से बर्नहम की सरकार ने वेस्ट बैंक में काम करने वाले इस्राईली कारोबारों पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में क़दम उठाए हैं। इसके लिए उन्होंने 12 देशों का एक गठबंधन भी बनाया है, जो इस क़दम का समर्थन कर रहा है।

उन्होंने कहा, “दो-राष्ट्र समाधान के पक्ष में खड़ा होना सही है, इससे पहले कि नई बस्तियों के निर्माण के जरिए इसे असंभव बना दिया जाए।” उन्होंने आगे कहा, “ब्रिटेन मध्य पूर्व के देशों के साथ काम करेगा। इसमें इस्राईल की कोई भी नई सरकार शामिल हो सकती है, बशर्ते वह हिंसा समाप्त करे, फिलिस्तीनी जमीन पर बस्तियों का निर्माण बंद करे और ग़ाज़ा में आवश्यक मात्रा में मानवीय सहायता पहुंचने दे।”

ईरान को लेकर भी ब्रिटेन का सख़्त रुख़

इसके अलावा बर्नहम ने ईरान की सरकार की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “हम ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दे सकते। न ही उसे अपने ही लोगों का नरसंहार करने और क्षेत्र को धमकाने की इजाज़त दी जा सकती है। हम उसे यहां ब्रिटेन में पत्रकारों, हमारे यहूदी समुदायों और हवाई अड्डों पर हमलों को प्रायोजित करने की भी अनुमति नहीं देंगे।”

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन मध्यस्थों के प्रयासों का समर्थन करने के लिए काम कर रहा है, ताकि ऐसा समझौता हो सके जो युद्ध समाप्त करे, होर्मुज़ जलडमरूमध्य को दोबारा खोले और ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोके।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी दिया बयान

पिछले सप्ताह संयुक्त अरब अमीरात में रूस और यूक्रेन के बीच हुई शांति वार्ता का जिक्र करते हुए बर्नहम ने रूस पर पूर्ण और तत्काल युद्ध-विराम के लिए सहमत होने का दबाव बढ़ाने का वादा किया। उन्होंने कहा, “यही वजह है कि हम पिछले सप्ताह अबू धाबी में शुरू हुई इन वार्ताओं का समर्थन कर रहे हैं। यह मुश्किल होगा, लेकिन इन वार्ताओं में हम यूक्रेन को हर संभव तरीके से समर्थन देंगे।”

अपने बेबाक अंदाज़ में उन्होंने कहा कि ब्रिटेन अपने सामने मौजूद समस्याओं का सामना करेगा, उनसे मुंह नहीं मोड़ेगा। सोमवार रात आयोजित उच्चस्तरीय रात्रिभोज में बर्नहम ने कहा, “मैं ऐसे ब्रिटेन की बात कर रहा हूं, जो एक बार फिर खुद पर विश्वास कर सके, दोबारा उम्मीद कर सके और दुनिया में उम्मीद लौटाने में मदद कर सके।”

उन्होंने कहा कि अगले साल जी-20 शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करना ब्रिटेन के लिए अपनी असाधारण नवाचार क्षमता को दुनिया के सामने प्रदर्शित करने और खोई हुई सद्भावना को दोबारा हासिल करने का अवसर होगा। इसके साथ ही दुनिया को यह बताने का भी मौका मिलेगा कि वह ब्रिटेन वापस आ गया है, जिसे दुनिया पहले जानती थी।

ब्रेक्जिट पर सवाल, यूरोपीय संघ में वापसी की बहस तेज

हालांकि, बर्नहम ने ब्रेक्जिट की भी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ब्रेक्जिट अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रहा और यह व्यवस्था काम नहीं कर सकी। उनके इस बयान से ब्रिटेन में यूरोपीय संघ में दोबारा शामिल होने को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है।

उन्होंने कहा, “यह सम्राट के नए कपड़ों की कहानी जैसा है, जिसमें कोई भी स्पष्ट सच बोलने के लिए तैयार नहीं है। ठीक है, मैं चीजों को वैसा ही कहता हूं, जैसा मैं उन्हें देखता हूं। और साफ तौर पर कहूं तो सम्राट के पास कोई कपड़ा नहीं है। हमें जो ब्रेक्जिट मिला, वह काम नहीं कर सका। हमने जितना हासिल किया, उससे कहीं अधिक खोया है।”

उन्होंने कहा कि ब्रेक्जिट ने कारोबारों के लिए गंभीर बाधाएं पैदा कीं, ब्रिटेन की आर्थिक क्षमता और वैश्विक स्थिति को नुकसान पहुंचाया तथा देश को अपने पड़ोस में मौजूद लोकतांत्रिक देशों के समूह यानी यूरोपीय संघ से दूर कर दिया।

Exit mobile version