Site icon ISCPress

होर्मुज़ में नियमों के विरुद्ध गुज़र रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराए, भीषण आग लगी: आईआरजीसी

होर्मुज़ में नियमों के विरुद्ध गुज़र रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराए, भीषण आग लगी: आईआरजीसी

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने दावा किया है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से अनधिकृत रास्ते के जरिए गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए और उनमें भीषण आग लग गई। आईआरजीसी के मुताबिक़, इन दोनों जहाज़ों में से एक जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में था, जबकि दूसरा जलडमरूमध्य के भीतर मौजूद था।

तस्नीम समाचार एजेंसी द्वारा प्रसारित आईआरजीसी नौसेना के बयान के अनुसार, दोनों टैंकरों ने ईरान के निर्धारित समुद्री मार्गों और आवागमन संबंधी नियमों का उल्लंघन किया था। आरोप है कि, जहाज़ों ने अपनी पहचान और लोकेशन बताने वाले एआईएस (ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) तथा अन्य नेविगेशन प्रणालियों को बंद कर दिया था, ताकि वे निगरानी से बचकर दक्षिणी समुद्री गलियारे से गुज़र सकें।

आईआरजीसी नौसेना ने चेतावनी दी है कि जो भी जहाज़ अमेरिकी सैन्य बलों के साथ सहयोग करेगा, ईरान के समुद्री नियमों की अनदेखी करेगा या प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करेगा, उसे समुद्री बारूदी सुरंगों का सामना करना पड़ेगा। बयान में अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर के सुरक्षा संबंधी आश्वासनों पर भी सवाल उठाए गए हैं।

ईरान का दावा है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले जहाजों पर उसका पूर्ण नियंत्रण है और सुरक्षित आवागमन के लिए पहले से अनुमति लेना जरूरी है। ईरान ने केवल निर्धारित उत्तरी समुद्री गलियारों को सुरक्षित घोषित किया है, जबकि ओमान के जलक्षेत्र के पास स्थित दक्षिणी मार्गों को अनधिकृत बताते हुए वहां बारूदी सुरंगें बिछाए जाने की बात कही है।

आईआरजीसी के अनुसार, यह घटना अमेरिका और इस्राईल द्वारा फरवरी के अंत में ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद से जारी घटनाक्रम का हिस्सा है। ईरानी नौसेना का दावा है कि पिछले नौ दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 तेल टैंकर आग की चपेट में आए या डूब गए।

आईआरजीसी ने यह भी दावा किया है कि अमेरिकी सुरक्षा के भरोसे समुद्री मार्ग से गुज़रने की कोशिश करने वाले जहाज़ों को रोका गया या नष्ट किया गया। उसने अंतरराष्ट्रीय जहाज़रानी कंपनियों को चेतावनी दी है कि, ईरान के निर्धारित नियमों का पालन किए बिना होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करना गंभीर ख़तरा पैदा कर सकता है।

Exit mobile version