Site icon ISCPress

रॉयटर्स का दावा: युद्ध समाप्त करने के लिए क़तर ने ईरान को दिया नया प्रस्ताव

रॉयटर्स का दावा: युद्ध समाप्त करने के लिए क़तर ने ईरान को दिया नया प्रस्ताव

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक जानकार अधिकारी के हवाले से दावा किया है कि, क़तर के मध्यस्थों ने अमेरिका और इस्राईल द्वारा ईरान के ख़िलाफ़ जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए एक नए समझौते का मसौदा इस्लामी गणराज्य ईरान को सौंपा है।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने रिपोर्ट दी है कि, वार्ता से जुड़े एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि, क़तर के मध्यस्थों ने रविवार को अमेरिका और इस्राईल के ईरान के ख़िलाफ़  युद्ध को समाप्त करने के लिए एक नए समझौते का मसौदा तेहरान को सौंपा था। उम्मीद है कि, ईरान इस मसौदे पर अपनी प्रतिक्रिया सप्ताह के अंत तक देगा।

रॉयटर्स के अनुसार, वार्ता के विवरण से परिचित इस अधिकारी ने बताया कि ईरान जिस नए मसौदे पर विचार कर रहा है, उसमें सात दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इस दौरान तेहरान और वाशिंगटन की चिंताओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

इस प्रस्ताव के तहत विश्वास बहाली के लिए कई क़दम उठाए जाने हैं। समझौते में शामिल प्रत्येक पक्ष को प्रतिदिन इन क़दमों को लागू करना होगा। अधिकारी ने बताया कि, इस समय-सीमा पर आधारित प्रक्रिया की शुरुआत अगले सप्ताह की शुरुआत में हो सकती है। इसके अलावा, कई देश इस समझौते के गारंटर के रूप में भी काम करेंगे।

वार्ता से परिचित इस अधिकारी के दावे के मुताबिक, रविवार को तेहरान में हुई बैठक से पहले ऐसी चिंताएं थीं कि, इस्राईल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, जो आगामी आम चुनाव में एक और कार्यकाल हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, इसी सप्ताह ईरान पर हमले दोबारा शुरू कर सकते हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी शुक्रवार को ईरान पर फिर से हमला करने की अपनी धमकियां दोहराई थीं।

इसी बीच, ईरानी सुरक्षा अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया है कि यदि , अमेरिका और इस्राईल दोबारा हमले शुरू करते हैं, तो तेहरान ने फारस की खाड़ी में समुद्र के नीचे बिछाई गई संचार केबलों को निशाना बनाने के लिए विस्तृत योजनाएं तैयार की हैं।

Exit mobile version