Site icon ISCPress

ईरान से संवर्धित यूरेनियम का एक ग्राम भी बाहर नहीं ले जाया जाएगा: मोहसिन रज़ाई

ईरान से संवर्धित यूरेनियम का एक ग्राम भी बाहर नहीं ले जाया जाएगा: मोहसिन रज़ाई

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (SNSC) के सचिव ने कहा है कि जब तक वाशिंगटन विश्वास बहाल करने के लिए ठोस क़ दम नहीं उठाता, तब तक अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं होगी। मेजर जनरल मोहसिन रज़ाई ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक अकाउंट से जारी एक बयान में यह बात कही। उन्होंने आगे कहा, “इस प्रक्रिया की शुरुआत ईरान की सभी शर्तों को पूरी तरह पूरा करने से होनी चाहिए।”

पिछले महीने ईरान के इस शीर्ष सुरक्षा अधिकारी ने कहा था कि, तेहरान ने क़तर के मध्यस्थों के माध्यम से वाशिंगटन को सात शर्तें भेजी थीं और वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जवाब का इंतजार कर रहा था। उस समय उन्होंने कहा था, “हमारी शर्तों में सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करना, ईरान की ज़ब्त की गई धनराशि को जारी करना और नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करना शामिल है।”

बाद में रज़ाई ने कहा था कि उन्हें वाशिंगटन का जवाब “अपर्याप्त” लगा।

मंगलवार को तेहरान में पाकिस्तान के दौरे पर आए सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ बातचीत के दौरान भी रज़ाई ने इस बात पर ज़ोर दिया कि, ईरानी जनता और अधिकारी इस विचार पर एकमत हैं कि जब तक अमेरिका की ओर से विश्वास बहाली के उपाय नहीं किए जाते, तब तक कोई बातचीत नहीं होगी।

इस बीच, एक्स पर रज़ाई की पोस्ट में इस बात को भी स्पष्ट किया गया कि “ईरान से संवर्धित यूरेनियम का एक ग्राम भी बाहर नहीं ले जाया जाएगा।” इस बयान के साथ उन्होंने उस मांग को स्पष्ट रूप से ख़ारिज कर दिया, जिसे अमेरिका के विभिन्न अधिकारी बार-बार उठाते रहे हैं।

आसिम मुनीर के साथ बैठक के दौरान भी रज़ाई ने कहा, “सभी संवर्धित परमाणु सामग्री ईरान में ही रहेगी और उसका एक भी कण देश से बाहर नहीं जाएगा।” उन्होंने आगे कहा, “यह सामग्री ईरानी जनता के लिए एक बड़ी संपत्ति और राष्ट्रीय संपदा है, जिसका उपयोग देश के भीतर किया जाना चाहिए।”

ईरान ने यह भी कहा है कि उसकी शर्तों को पूरा करना होर्मुज़ जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने की पूर्वशर्त है। इस्लामी गणराज्य ने अमेरिका और इस्राईल के हमलों तथा अमेरिका की ओर से लगातार किए जा रहे उल्लंघनों के जवाब में इस जलमार्ग को बंद कर दिया है।

Exit mobile version