ईरान ने अर्जेंटीना की नौसेना और वायुसेना को आतंकवादी संगठन घोषित किया
ईरान के विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि अर्जेंटीना की नौसेना और वायुसेना को आतंकवादी संगठन के रूप में मान्यता दी गई है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने 11 नवंबर बुधवार, 20 आबान (फ़ारसी कैलेंडर के अनुसार) को एक बयान जारी कर अर्जेंटीना की नौसेना और वायुसेना को आतंकवादी संगठन घोषित किया।
बयान में कहा गया है कि अर्जेंटीना सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों के विपरीत एक शत्रुतापूर्ण क़दम उठाते हुए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC), जो ईरान के आधिकारिक सशस्त्र बलों का एक प्रमुख अंग है, को आतंकवादी संगठन घोषित किया है।
इस क़दम के जवाब में और पारस्परिक कार्रवाई के सिद्धांत के आधार पर, ईरान सरकार ने वर्ष 1398 हिजरी शम्सी (2019-20) में पारित कानून ‘अमेरिका द्वारा इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स को आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के विरुद्ध पारस्परिक कार्रवाई’ का हवाला दिया है।
इस कानून में स्पष्ट रूप से कहा गया है:
“वे सभी देश, जो किसी भी रूप में अमेरिका के उस फैसले का पालन या समर्थन करते हैं, जिसके तहत इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स को आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है, पारस्परिक कार्रवाई के दायरे में आएंगे।”
इसी कानून और उसके प्रावधानों के तहत ईरान सरकार ने अर्जेंटीना की नौसेना और वायुसेना को इसके दायरे में शामिल करते हुए उन्हें आतंकवादी संगठन घोषित किया है।ईरान के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में जोर देकर कहा कि इस फैसले से उत्पन्न होने वाले सभी परिणामों की जिम्मेदारी अर्जेंटीना सरकार की होगी।

