Site icon ISCPress

होर्मुज़ में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद एक और तेल टैंकर में लगी आग

होर्मुज़ में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद एक और तेल टैंकर में लगी आग

होर्मुज़ जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों के लिए ख़तरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार तड़के इस रणनीतिक समुद्री मार्ग के पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर में आग लग गई। ईरान की सेना की नौसेना के मुताबिक़, टैंकर एक नौसैनिक बारूदी सुरंग (नेवल माइन) से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। ईरानी नौसेना ने बताया कि यह घटना प्रतिबंधित और असुरक्षित घोषित समुद्री क्षेत्र में हुई।

बुधवार को जारी बयान में ईरानी नौसेना के जनसंपर्क कार्यालय ने कहा कि उसकी सेना होर्मुज़ जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से पर कड़ी निगरानी रख रही है और वहां नियंत्रण बनाए हुए है। नौसेना ने स्पष्ट किया कि इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित गुज़रने के लिए ईरान के सशस्त्र बलों के साथ समन्वय और निर्धारित समुद्री नियमों का पालन जरूरी है। साथ ही जहाज़ मालिकों को चेतावनी दी गई है कि वे इन निर्देशों का पालन करें।

इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी इसी मार्ग से गुज़रने की कोशिश कर रहे तीन तेल टैंकरों में भीषण विस्फोट हुए थे। ईरानी IRGC नौसेना के मुताबिक, ये जहाज़ बारूदी सुरंगों की चपेट में आए और आग लगने से क्षतिग्रस्त हो गए।

ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए पहले से अनुमति लेना अनिवार्य किया है। दुनिया की कुल तेल आपूर्ति का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुजरता है। ईरान ने सुरक्षित आवागमन के लिए उत्तरी समुद्री गलियारों को निर्धारित किया है, जबकि ओमान के जलक्षेत्र के पास स्थित दक्षिणी मार्गों को अनधिकृत और बारूदी सुरंगों से प्रभावित बताया है।

ईरानी अधिकारियों का दावा है कि कुछ जहाजों ने अपना ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) बंद कर इन मार्गों से गुज़रने की कोशिश की, जिसके कारण वे हादसों का शिकार हुए। IRGC नौसेना का यह भी कहना है कि उसने गुप्त रूप से गुज़रने की कोशिश करने वाले कई जहाजों को रोका है।

ईरान के मुताबिक, ये प्रतिबंध 28 फरवरी से शुरू हुई अमेरिका और इस्राईल की सैन्य कार्रवाई के जवाब में लगाए गए हैं। हालांकि, इन घटनाओं और समुद्री मार्गों पर नियंत्रण को लेकर ईरान के दावों की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।

Exit mobile version