तेहरान: ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर क़ालीबाफ ने कहा है कि अब एकतरफा समझौतों का दौर समाप्त हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो पक्ष अपने वादों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं करेगा, उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, क़ालीबाफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि, “हम पहले ही कह चुके थे कि अपने वादों और समझौतों का पालन करें, अन्यथा उसके परिणाम भुगतने होंगे। अब समय आ गया है कि वास्तविकता का सामना किया जाए।”
अपने पोस्ट के साथ उन्होंने 14 बिंदुओं वाले एक समझौता ज्ञापन के पांचवें बिंदु का हिस्सा भी साझा किया। इसमें हुर्मुज़ जलडमरूमध्य को “ईरानी व्यवस्थाओं” के तहत दोबारा खोलने पर जोर दिया गया है।
क़ालीबाफ का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब क्षेत्रीय तनाव और अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गतिविधियां लगातार चर्चा में हैं। उनके इस बयान को ईरान की सख्त रणनीति और समझौतों को लेकर उसके रुख के रूप में देखा जा रहा है।

